| 06.09.2010 | 15:00 UTC
क्राइस्टचर्च शहर में भूकंप से एक लाख मकानों को नुकसान
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में शनिवार को आए भूकंप में करीब एक लाख मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन की के मुताबिक कई मकानों को तो इतनी बुरी तरह नुकसान पहुंचा है कि अब उनकी मरम्मत भी नहीं की जा सकती. प्रधानमंत्री का कहना है कि भूकंप से हुए नुकसान से उबरने और बुनियादी ढांचे को फिर से खड़ा करने में समय लगेगा. भूकंप में किसी के हताहत न होने को वहां के पीएम ने चमत्कार बताया है. क्राइस्टचर्च में आपातकाल को बुधवार तक बढ़ा दिया गया है और शहर का केंद्रीय इलाके की घेराबंदी की गई है. विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि आने वाले दिनों में भूकंप के बाद बड़ा झटका आ सकता है.शनिवार को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7 मापी गई है और उसके बाद भी हल्के झटके आए हैं.
पाकिस्तान में फिर बाढ़ की आशंका, लोगों का पलायन
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सैकडों लोग बाढ़ के खतरे की वजह से अपने घर छोड़ कर सुरक्षित स्थान की तलाश में जा रहे हैं. टूरी बांध में दरार के चलते बाढ़ का पानी दादू जिले की ओर बढ़ रहा है. जिन लोगों को लग रहा था कि उनके इलाके में पानी घट रहा है वहां फिर से बाढ़ आने की आशंका के चलते अफरातफरी मच गई है. पिछले कुछ हफ्तों में सिंध प्रांत के 23 जिले डूबे रहे हैं. राहत संस्थाओं के मुताबिक बाढ़ के चलते घर से विस्थापित हुए करीब 80 लाख लोगों को घर और भोजन की जरूरत है. सेना के इंजीनियर दरार को पाटने की कोशिशों में जुटे हैं लेकिन भारी बारिश के चलते उनके काम में रूकावट आ रही है. अब तक बाढ़ से 1600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है.
आत्मघाती हमले में चार स्कूली बच्चों सहित 19 की मौत
पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में एक आत्मघाती कार बम हमले में 19 लोगों की मौत हो गई है जिनमें चार स्कूली बच्चे भी हैं. हमलावरों ने एक स्कूल वैन को लक्की मरवात शहर में एक पुलिस स्टेशन में जाकर टकरा दिया. विस्फोट की वजह से इमारत ढह गई जबकि आसपास की दुकानों और एक मस्जिद को नुकसान पहुंचा है. यह घटना खायबर पख्तूनख्वा प्रांत की है. रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि हमले में 11 पुलिस अधिकारियों की मौत हुई है. मलबे में स्कूली बच्चों के शव, किताबें और स्कूल बैग दिखाई दे रहा है. पिछले हफ्ते पाकिस्तान में दो बड़े हमले हुए हैं जिनमें शिया समुदाय के 100 से ज्यादा लोग मारे गए हैं. पाकिस्तान तालिबान ने इन हमलों के पीछे हाथ होने का दावा किया है.
स्पेन ने एटा का युद्धविराम खारिज किया
स्पेन में अलगाववादी संगठन एटा के युद्धविराम की घोषणा को स्पेन सरकार ने नाकाफी बताकर खारिज कर दिया है. सरकार का कहना है कि बास्क संगठन को हिंसा का रास्ता हमेशा के लिए छोड़ना होगा. गृहमंत्री अल्फ्रेडो पेरेज रुबलकाबा ने कहा है कि संगठन कमजोर पड़ रहा है और उनकी सरकार उनके साथियों की धरपकड़ का अभियान जारी रखेगी. एक दिन पहले ही एटा संगठन ने घोषणा की थी कि अब वह हिंसा का सहारा नहीं लेगा. अलग बास्क राज्य के लिए एटा ने अपना हिंसक संघर्ष पिछले 40 सालों से जारी रखा है जिसमें 820 लोगों की मौत हुई है. एटा पहले भी दो बार युद्धविराम की घोषणा कर चुका है लेकिन फिर वह उससे पीछे हट गया.
चीन और भारत में सहयोग और स्पर्धा का रिश्ता
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि चीन के साथ सीमा विवाद का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान तलाशा जाना चाहिए लेकिन भारत को सावधानी भी बरतनी होगी. दिल्ली में संपादकों के साथ बातचीत में मनमोहन ने कहा कि एशिया की दो बड़ी ताकतों के बीच रिश्ता सहयोग और स्पर्धा का है. इसलिए कोशिश होनी चाहिए कि दोनों देश शांति से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ें. मनमोहन ने बताया कि उन्होंने चीनी राष्ट्रपति हू चिन्थाओ और प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ काम किया है और लगभग हर साल उनसे बातचीत होती रही है. कांग्रेस और यूपीए सरकार में मतभेद की अटकलों पर मनमोहन सिंह ने कहा कि अगर मंत्री और पार्टी नेताओं में वैचारिक मतभेद सामने आते हैं तो इसमें गलत कुछ भी नहीं है. कांग्रेस एक आंदोलन है जिसमें अलग अलग राय होना स्वाभाविक है और एक लोकतंत्र में ऐसा ही होता है.
ग्वाटेमाला भूस्खलन में दर्जनों लोगों को बचाने का प्रयास नाकाम
ग्वाटेमाला में भूस्खलन के मलबे में दबे दर्जनों लोगों की जान बचने की उम्मीदें छोड़ दी गई हैं. कुछ लोग मिट्टी में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे थे जब भूस्खलन का मलबा उन पर आ गिरा. प्रधानमंत्री एलवेरो कोलोम ने इस दुर्घटना को राष्ट्रीय त्रासदी करार दिया है. अब तक 38 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है लेकिन कई अन्य इलाकों में भूस्खलन होने की वजह से आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती है. ग्वाटेमाला में कई हफ्तों से तेज बारिश हो रही है जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है. राष्ट्रपति अलवारो कोलोम ने कहा है कि 12 हज़ार लोगों को उनके घरों से निकाल कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है.
जर्मन परमाणु बिजलीघरों की उम्र में इजाफा होगा
पर्यावरण संगठनों और विपक्षी पार्टियों ने जर्मन परमाणु बिजलीघरों की उम्र बढ़ाने के फैसले की आलोचना की है. जर्मनी के आर्थिक मामलों के मंत्री रायनर ब्रु़इडरेले और पर्यावरण मंत्री नॉर्बर्ट रोयटगेन ने इसकी घोषणा की थी. परमाणु बिजलीघरों को पहले के प्रस्ताव के मुताबिक ही उनकी आयु बढ़ाने और सुरक्षा मानकों के आधार पर दो समूह में बांटा जाएगा. रविवार को हुए समझौते में जर्मनी के सत्रह परमाणु बिजलीघरों की औसतन आयु 12 साल तक बढ़ाई जाएगी. इनमें जो उनीस सौ अस्सी से पहले बने हैं, उन्हें आठ अतिरिक्त साल चलाया जाएगा जबकि नए बिजलीघरों को चौदह साल ज्यादा चलाने की योजना है. दस साल पहले तय हुआ था कि जर्मनी के सभी सत्रह परमाणु बिजलीघर दो हजार इक्कीस में बंद कर दिए जाएंगे.
बिहार में बंधकों को छोड़ा गया
बिहार में माओवादियों ने बंधक बनाए गए तीन पुलिसकर्मियों को बेशर्त रिहा कर दिया है और इसके साथ ही 9 दिन से चला आ रहा बंधक कांड समाप्त हो गया है. इससे पहले उनकी रिहाई पर रहस्य बना हुआ था. माओवादियों ने कजरा पुलिस स्टेशन के इलाके में एक मुठभेड़ के बाद 29 अगस्त को 4 पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था. मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मी मारे गए थे. बाद में माओवादियों ने बंधक बनाए गए लुकास टेटे को मार दिया था. लाश के साथ मिली पर्ची में माओवादियों ने अपने 8 साथियों को जेल से नहीं छोड़े जाने पर बाकी बंधकों को भी मारने की धमकी दी थी.














